बदायूं।
मदर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने विद्यालय से बाहर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक व रचनात्मक प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। पोस्टर, भाषण, विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी परिचय दिया।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक चेतना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. उर्मिलेश जन-चेतना समिति एवं बदायूं क्लब के तत्वावधान में किया गया।
दिनांक 25 जनवरी 2026 को आयोजित स्वच्छता एवं पर्यावरण विषयक पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्रा इकरा सैफी ने प्रथम तथा कक्षा 12 की छात्रा इलमा सैफी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
26 जनवरी 2026 को आयोजित भाषण प्रतियोगिता का विषय “प्रदूषण मुक्त समाज” रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से अपनी वक्तृत्व कला और वैचारिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें कक्षा 11 की छात्रा कनक चौधरी ने प्रथम एवं कक्षा 9 की छात्रा अनुषा नकवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके उपरांत 27 जनवरी 2026 को श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, बदायूं में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी में विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा आद्या रावत ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को माननीय जिलाधिकारी महोदय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शीबा खान ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास करना है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
Budaun Amarprabhat