मुजरिया |
मुजरिया क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक गांवों में संत शिरोमणि रविदास जी की 649वीं जयंती माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत रविदास जी के चित्र पर फूल अर्पित कर उनके जीवन, चरित्र और भक्ति पर प्रकाश डाला गया।
संत शिरोमणि रविदास जी को गंगा मैया का परम भक्त बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि वे ऐसे महान संत थे, जिन्होंने भक्ति के साथ-साथ अपनी आजीविका चलाते हुए ईश्वर और गंगा मैया की सेवा में जीवन समर्पित किया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार उनके जैसा संत आज तक देश में नहीं हुआ।
जयंती के अवसर पर डीएनटी महासभा एवं विकास अश्व कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। ग्राम ढकपुरा मीरापुर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में दुर्वेश कुमार, मोर सिंह तथा नरसेना गांव के अंबेडकर पार्क में संजीव कुमार, राकेश कुमार, अबनीश और हरपाल पुरी ने संत रविदास जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
ग्राम कोल्हाई में एनपीएस सैलानी, नूतन कुमार, रामबाबू, आशीष, सूरजपाल सिंह, रूपेंद्र सिंह, कुबेन्द्र सिंह, मुंसी लाल, संतोष कुमारी सहित अन्य लोगों ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके भजनों का गुणगान किया।
इसी क्रम में विकास अश्व कल्याण समिति के कार्यालय पर मानवती द्वारा जयंती मनाई गई। वहीं डीएनटी महासभा के पदाधिकारियों नरेंद्र कुमार यादव, मंडल अध्यक्ष एनपीएस सैलानी, मंडल सचिव मंदाकिनी, ग्राम सचिव राजू बाल्मीकि और प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह बाल्मीकि ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी जीवन गाथा पर प्रकाश डाला।
जयंती समारोह के दौरान मिष्ठान वितरण किया गया। इसके अलावा पातर चौहा, मुड़सान, नगला हरि, चतुरी नगला, ज्योरा, वितरोई, सिकंदराबाद सहित अन्य गांवों में भी संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई।
Budaun Amarprabhat