बदायूं। जनपद बदायूं के समग्र विकास और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने गंगा एक्सप्रेसवे पर नए इंटरचेंज के निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजा है।
सांसद ने अपने पत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के बिसौली–बिल्सी रोड स्थित रानेट चौराहा के पास ग्राम नागपुर (बिसौली) में इंटरचेंज निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा छह लेन एक्सेस कंट्रोल गंगा एक्सप्रेसवे जनपद बदायूं से करीब 93 से 95 किलोमीटर की दूरी तक होकर गुजरता है, जिससे सदर, बिसौली, बिल्सी और दातागंज तहसीलों के लगभग 85 गांव प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होते हैं।
पत्र में सांसद ने उल्लेख किया कि वर्तमान में घटपुरी (बदायूं–बरेली मार्ग), डहरपुर (बदायूं–दातागंज मार्ग) और बनकोटा (बदायूं–मुरादाबाद मार्ग) के समीप इंटरचेंज उपलब्ध अथवा प्रस्तावित हैं, लेकिन इनके बीच अधिक दूरी होने के कारण बिल्सी, बिसौली, सहसवान और इस्लामनगर क्षेत्र के लोगों को गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए 25 से 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि रानेट चौराहा के पास स्थित ग्राम नागपुर भौगोलिक दृष्टि से इंटरचेंज के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थान है। यहां इंटरचेंज बनने से क्षेत्र को गंगा एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क मिलेगा, मौजूदा इंटरचेंजों पर यातायात का दबाव कम होगा और किसानों, छात्रों, व्यापारियों व मरीजों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने यूपीडा से इस प्रस्ताव पर तकनीकी परीक्षण कर शीघ्र निर्णय लेने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बदायूं जनपद को गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़े विकास का वास्तविक लाभ मिल सके।
Budaun Amarprabhat