
बिल्सी (गोविंद देवल)
बिल्सी। आज बिल्सी नगर में स्टेट हाईवे-51 के बदायूं–बिल्सी–इस्लामनगर खंड के बहुप्रतीक्षित चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भव्य शिलान्यास केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और बिल्सी विधानसभा के क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में नई गति लाएगी। उन्होंने बताया कि बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा, जिससे समय व ईंधन की बचत होगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर तक पहुंच आसान बनेगी और क्षेत्रीय जनता इससे सीधे लाभान्वित होगी।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से यातायात सुगम हो जाएगा और लोगों का अनावश्यक समय बचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और उनका प्रयास है कि बिल्सी विधानसभा प्रदेश की अग्रणी विधानसभा के रूप में उभरे। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की हर समस्या का निराकरण तत्काल किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने क्षेत्रवासियों से कहा, “आपने जिस आशा और उम्मीद के साथ मुझे विधानसभा भेजा है, मैं पूरी तरह उस विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा।”
शिलान्यास समारोह में चेयरमैन श्रीमती ज्ञानवती सागर, एसडीएम प्रेमपाल सिंह, उदय प्रताप सिंह, पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश सागर, आचार्य संजीव रूप, अजय तोमर, आदित्य माहेश्वरी, राहुल देव शाक्य, केपी लोधी, सुधीर सोमानी, दीपक चौहान, अर्जुन सिंह, सोनी सिंह, लोकेश वार्ष्णेय, गगन राठी, अधिशासी अभियंता वंदना सोनकर, अनुराग शाक्य सहित दर्जनों पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने शिलान्यास को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे नगर और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी उपलब्धि करार दिया।
Budaun Amarprabhat