मोहल्ला फरशोरी टोला में इफ्तार के दौरान बच्ची के जज़्बे की सराहना
संवाददाता – गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। शहर के मोहल्ला फरशोरी टोला की 9 वर्षीय फरहीन फात्मा ने रविवार को अपना पहला रोज़ा रखकर रमजान के पाक महीने को अपने लिए यादगार बना लिया। कम उम्र में पूरे सब्र और अकीदत के साथ रखा गया यह रोज़ा परिवार और मोहल्ले में चर्चा का विषय बना रहा।
फरहीन ने तड़के सहरी करने के बाद दिनभर बिना कुछ खाए-पीए अल्लाह की इबादत की और शाम को परिवार के साथ इफ्तार कर रोज़ा मुकम्मल किया। पूरे दिन उसने धैर्य और अनुशासन का परिचय दिया। परिजनों के मुताबिक, फरहीन ने सुबह से ही रोज़ा रखने की जिद की और पूरे उत्साह के साथ अपने धार्मिक कर्तव्य का पालन किया।
इफ्तार के समय घर पर खास माहौल रहा। परिवार के लोगों ने फरहीन की मेहनत और हौसले की सराहना की। इस मौके पर बच्ची ने अल्लाह से अपने और पूरे परिवार की भलाई की दुआ मांगी।
मोहल्ले के लोगों ने भी फरहीन के जज़्बे की तारीफ करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिजनों ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही संयम, अनुशासन और धार्मिक मूल्यों की शिक्षा देना जरूरी है। ऐसे अवसर न केवल बच्चों की धार्मिक समझ को मजबूत करते हैं, बल्कि परिवार और समाज में भाईचारे की भावना भी बढ़ाते हैं।
Budaun Amarprabhat