विवाद को लेकर दातागंज बार की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ फैसला
संवाददाता :
दातागंज (बदायूं)। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और तहसीलदार के बीच हुए विवाद को लेकर शुक्रवार को तहसील बार वेलफेयर एसोसिएशन दातागंज की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने 7 मार्च 2026 को तहसीलदार न्यायालय का कार्य बहिष्कार करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
बताया गया कि बीती 28 फरवरी को तहसील परिसर में तहसीलदार दातागंज और अधिवक्ता आशा दीक्षित तथा कुलदीप अग्निहोत्री के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे बार कमेटी के सदस्यों से भी तहसीलदार द्वारा कथित रूप से असंसदीय भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया, जिसका अधिवक्ताओं ने विरोध किया।
इस संबंध में तहसील बार भवन में आयोजित बैठक तहसील बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि संचालन सामान्य सचिव संतोष यादव ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 मार्च को सभी अधिवक्ता तहसीलदार न्यायालय का कार्य बहिष्कार करेंगे। साथ ही एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी बदायूं से मिलकर पूरे प्रकरण से अवगत कराएगा और उचित कार्रवाई की मांग करेगा।
बैठक में उमेश सिंह सक्सेना, मोहम्मद इशाक, ओमपाल सिंह, शैलेंद्र सिंह तोमर, आराम सिंह यादव सहित तहसील के अधिकांश अधिवक्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat