दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह, बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
बदायूं। संवाददाता गोविंद देवल
गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बदायूं ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. वैभव शर्मा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में लोगों से गर्म हवाओं और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, लस्सी, छाछ और आम का पना का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में निकलने से बचें और अधिक से अधिक समय घर के अंदर या छायादार स्थान पर ही रहें।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी या अत्यधिक पसीना आने जैसे लू के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर ठंडे पानी से पट्टी करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही पशुओं के लिए भी छाया और पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी अवश्य रखें और बासी भोजन व अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से मौसम संबंधी पूर्वानुमान पर नजर रखने और गर्मी के मौसम में सतर्क रहने की भी अपील की है, ताकि लू और गर्म हवाओं से होने वाले दुष्प्रभाव से बचा जा सके।
Budaun Amarprabhat