बदायूं। कंपोजिट विद्यालय असरासी में आयोजित त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। शिविर के दौरान बच्चों ने तंबुओं का शहर बसाकर विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में भारत कोकिला कंपनी और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप टोली ऑल ओवर चैंपियन रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जीवन में बड़ा बदलाव संभव है। वहीं विशिष्ट अतिथि सीएचसी असरासी की मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुभि चौधरी ने कहा कि स्काउटिंग का प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक तैयार करता है।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं में हर कार्य को संभव कर दिखाने की क्षमता निहित होती है। उत्कृष्ट चिंतन और दृढ़ संकल्प के साथ युवा आगे बढ़ सकते हैं। ब्लॉक व्यायाम शिक्षक मुकेश कुमार यादव ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा की।
स्काउट वर्ग में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप टोली ने प्रथम, पृथ्वीराज चौहान टोली ने द्वितीय तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर और चंद्रशेखर आजाद टोली ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं गाइड वर्ग में भारत कोकिला कंपनी प्रथम, मीराबाई कंपनी द्वितीय और कल्पना चावला कंपनी तृतीय स्थान पर रही।
स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य, वरिष्ठ शिक्षक सुनील कुमार, वसुंधरा शर्मा और संतोष कुमार शर्मा निर्णायक मंडल में शामिल रहे। विजेता टोलियों के टोली नायकों को मुख्य अतिथि दिलीप कुमार, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुभि चौधरी और प्रधानाध्यापक राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त डॉ. जुगल किशोर ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक कृष्णपाल शाक्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीपी सिंह, इंदल सिंह, भानु यादव, रूबी शर्मा, सुमन, अवनीश सक्सेना, अनिल कुमार शर्मा, अल्पेश वैश्य, तराना सुजाअत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जुगल किशोर ने किया।
Budaun Amarprabhat