संवाददाता: गोविंद देवल, बिल्सी
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम दिधौनी के पास उस समय हुआ, जब उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक घोड़ा बग्गी से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र ओमप्रकाश और महेश पाल पुत्र प्रेमपाल सुबह करीब 6 बजे बाइक से कछला गंगा स्नान के लिए निकले थे। दोनों तेज रफ्तार से हाईवे पर जा रहे थे। जैसे ही वे दिधौनी गांव के पास पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी घोड़ा बग्गी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बिल्सी के सरकारी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों के खड़े रहने की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं।
Budaun Amarprabhat