संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। युवाओं में लोकतांत्रिक समझ और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय बदायूँ में “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट” का भव्य आयोजन किया गया। माई भारत (मेरा युवा भारत) और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने संसद की कार्यवाही का सजीव मंचन कर लोकतंत्र की गहराइयों को समझा।
कार्यक्रम का विषय “आपातकाल के पचास वर्ष और भारतीय लोकतंत्र की सीख” रहा, जिस पर विद्यार्थियों ने प्रभावशाली तर्क-वितर्क प्रस्तुत किए। प्रश्नकाल, बहस और संवाद के माध्यम से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकार और शासन की जवाबदेही जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं को “अमृत पीढ़ी” बताते हुए लोकतंत्र की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं माई भारत के उप निदेशक माहे आलम ने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को नीति-निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के अंत में पांच प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया गया, जो मार्च के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाषण देंगे। इनमें शगुन शर्मा ने प्रथम, संभव कुमार ने द्वितीय, अनूप सिंह ने तृतीय, निखिल सिंह चौहान ने चतुर्थ और माणिक्य मौर्य ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल में डॉ फैजान अहमद, डॉ रीता सिंह, डॉ पंकज कुमार सिंह और विकास यादव शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसएस के जिला समन्वयक डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने की, जिन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
इस दौरान “विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम” के तहत समाजसेवी अमित सिंह को निःशुल्क शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र सिंह यादव ने किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ सतीश सिंह यादव ने व्यक्त किया। समापन पर अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों को शाल, स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में शिक्षकों, विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
Budaun Amarprabhat