Breaking News

सड़क बनी ‘गंदे पानी का तालाब’: हसनपुर में जलभराव से हाहाकार, भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

बदायूँ।
विकासखंड सलारपुर के ग्राम हसनपुर (थाना कुँवरगांव) में जलभराव की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। नाले और नालियों का गंदा पानी महीनों से सड़कों पर जमा है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि कई घरों की नींव तक पानी पहुंच गया है, जिससे मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है और जानमाल की हानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा पक्षपात किया जा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और हैजा समेत कई संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश साहू ने प्रशासन से मांग की कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं जिला महासचिव बीयीशु दास ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भाकियू चढूनी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
इस मौके पर नूरुद्दीन, नवाब हुसैन, आनंद बाबा, इमरान, वीरपाल, विवेक, हरिओम, संतोष, नूरजहां, गंगा देवी, गफ्फार, विरासत, बबलू, सत्येंद्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

फिट इंडिया के ज़ुनून के संग ऊर्जावान रेसर ज़ैनुल के नेतृत्व में दस किमी की साइकिल राइड

Spread the love विश्व साइकिल दिवस पर भव्य साइकिल राइड को एसपी सिटी श्री रणविजय …

error: Content is protected !!