बदायूँ/इस्लामनगर।
जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच इस्लामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 3 लाख रुपये वापस दिलाए हैं। साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए रकम को फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर कराया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित के साथ सितंबर 2025 में अलग-अलग तिथियों पर कुल 3 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। शिकायतकर्ता ने इस मामले की रिपोर्ट भारत सरकार के नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना इस्लामनगर की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने साइबर सेल बदायूँ के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की। संबंधित बैंक खातों को तुरंत होल्ड/फ्रीज कराया गया, जिसके बाद पूरी रकम सुरक्षित वापस पीड़ित को दिला दी गई।
जांच में सामने आया कि ठगी ‘करेंसी एक्सचेंज’ के नाम पर की गई थी, जहां आरोपियों ने विदेश में पढ़ाई कर रही बेटी के नाम पर पैसे लेकर धोखाधड़ी की।
इस कार्रवाई में थाना इस्लामनगर की टीम—थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर सरफराज और कांस्टेबल पवन कुमार की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस की अपील:
साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें, ओटीपी/पिन साझा न करें, फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
Budaun Amarprabhat