संभल/बहजोई।
जनपद संभल के बहजोई नगर पालिका को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘नवयुग पालिका योजना’ के तहत बहजोई नगर पालिका के लिए 8 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह योजना विशेष रूप से पिछड़ी नगर पालिकाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है। स्वीकृत बजट से शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इसमें फुटपाथ निर्माण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, झीलों का विकास, पार्कों का जीर्णोद्धार और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर राजू ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बताया कि वे पिछले कई महीनों से इस योजना की स्वीकृति के लिए प्रयासरत थे। इसके लिए उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बहजोई के विकास हेतु विशेष आग्रह भी किया था।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पिछड़ी नगर पालिकाओं को 8 करोड़ रुपये तक की धनराशि दी जा रही है, जबकि बड़ी नगर पालिकाओं के लिए 10 करोड़ रुपये तक का प्रावधान है। इस बजट का प्रभावी उपयोग कर बहजोई में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
इस निर्णय के बाद स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है। नागरिकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में बहजोई एक आधुनिक और सुविधाजनक नगर के रूप में विकसित होगा, जहां बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Budaun Amarprabhat