Breaking News

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के साथ किया कान्हा गौशाला का शिलान्यास

Spread the love

बदायूं | शनिवार, 4 अप्रैल 2026


1.82 करोड़ की लागत से पलिया मेहंदी में बनेगी नगर पालिका की गौशाला; गोवंश समस्या से मिलेगी निजात

बदायूं। जनपद के विकास और गोवंश संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने नगर पालिका परिषद बदायूं की ‘कान्हा गौशाला’ का विधिवत शिलान्यास किया। ग्राम पलिया मेहंदी में आयोजित इस कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे। ₹1.82 करोड़ की लागत से बनने वाली यह गौशाला शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थाई समाधान बनेगी।

सरकार की प्राथमिकता: सुरक्षित गोवंश और सुखी किसान

शिलान्यास के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि गोमाता की सेवा हमारा परम धर्म है। उन्होंने कहा:

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भर में वृहद गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि छुट्टा गोवंश सड़कों पर न घूमें और उन्हें उचित आश्रय व चारा मिले। गाय का दूध, घी और पंचगव्य अमृत समान है, इसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से ही आज इस गौशाला का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

‘मोदी है तो मुमकिन है’: वैश्विक संकट के बीच भारत सुरक्षित

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान और जनधन जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभ मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भी भारत सुरक्षित है। उन्होंने कहा, “देश के पास पर्याप्त संसाधन हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की बड़ी शक्ति है। बदायूं में भी गंगा एक्सप्रेसवे और बरेली-मथुरा फोरलेन जैसे प्रोजेक्ट्स से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।”

सदर विधायक ने गिनाई उपलब्धियां

सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि जमीन की उपलब्धता न होने के कारण यह प्रोजेक्ट लंबे समय से लंबित था, जिसे अब दूर कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के रफियाबाद और वजीरगंज में पहले ही बड़ी गौशालाएं बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि जल्द ही निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राम बहादुर पांडे ने की। इस दौरान सदर विधायक ने भाजपा के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों और नगर पालिका के नामित सभासदों को शॉल ओढ़ाकर व माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने किया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, ईओ नगर पालिका डॉ. दीप कुमार त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख अनेक पाल सिंह पटेल, वीरेंद्र सिंह राजपूत, शरदेंदु पाठक, एमपी सिंह राजपूत, शैलेंद्र मोहन शर्मा, विश्वजीत गुप्ता, रचना संखधार, सीमा राठौर, गिरीश शुक्ला, आशीष कश्यप सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

उप जिलाधिकारी श्री साई आश्रित शाख मुरी और तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने पौधे लगाए।

Spread the loveबिसौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। …

error: Content is protected !!