डिजिटल जनगणना में स्वेच्छा से भागीदारी की इच्छा जताई, मानदेय व अवसर में समानता की उठाई बात
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ, जनपद बदायूं के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय जनगणना कार्यक्रम में शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगाए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) वैभव शर्मा से मुलाकात कर अपनी बात रखी। इस दौरान अधिकारियों ने शिक्षामित्रों की सूची मंगाकर विषय पर विचार करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षामित्र पूर्व में भी विभिन्न सरकारी कार्यों—जैसे बीएलओ ड्यूटी, चुनाव कार्य, समर कैंप, बाल गणना, प्रशिक्षण, बोर्ड परीक्षा और पल्स पोलियो अभियान—में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं, जबकि इसके लिए उन्हें सीमित पारिश्रमिक मिलता है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से कराई जानी है, जिसमें मोबाइल और डेटा का उपयोग कर घर-घर जाकर जानकारी संकलित करनी होगी। ऐसे में उन्होंने इच्छुक शिक्षामित्रों को इस कार्य में शामिल करने का अनुरोध किया, ताकि उन्हें भी समान अवसर मिल सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जो शिक्षामित्र स्वेच्छा से जनगणना कार्य करना चाहते हैं, उनकी ड्यूटी लगाई जाए।
इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष रईस अहमद, जिला महामंत्री जहीरुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार उपाध्याय, जिला सचिव धर्मपाल सिंह राजपूत, जिला प्रवक्ता शमीम हुसैन कादरी, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मोहम्मद उमर, ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी, जगतपाल वर्मा, मीडिया प्रभारी श्याम निवास राजपूत, जिला संगठन मंत्री अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat