Breaking News

हाईवे पर ‘जेवर जाल’ बिछाने वाला गैंग ध्वस्त, तीन शातिर धराए

Spread the love

अमरिया पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई; तमंचे, बाइक और लूटे गए कुंडल बरामद, कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

संवाददाता: गोविंद देवल

पीलीभीत। सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाकर जेवर उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। अमरिया थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने के कुंडल, नकदी, अवैध तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 मार्च 2026 को अमरिया क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी मालती देवी से टप्पेबाजी की घटना हुई थी। बदमाशों ने झांसा देकर उनके कान के सोने के कुंडल ठग लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुड़िया चौकी के पास पीलीभीत-सितारगंज हाईवे से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान इमदाद हुसैन शेख उर्फ राजू, समीर पुत्र सलीम कुरैशी और जलालुद्दीन शाहिरी शाह के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में खुलासा: कई राज्यों में फैला था गिरोह का जाल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह सुनसान सड़कों और हाईवे पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी पहले बातों में उलझाकर भरोसा जीतते, फिर झांसा देकर या डराकर उनके जेवरात ले उड़ते थे। विरोध करने पर तमंचे दिखाकर धमकाते थे।
मुख्य आरोपी इरफान पर महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे समेत छत्तीसगढ़ में भी चोरी और टप्पेबाजी के कई मामले दर्ज हैं, जिससे गिरोह के बड़े नेटवर्क का संकेत मिलता है।
पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरिया, निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक हिमांशु त्यागी और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूं में जनगणना-2027 का प्रथम चरण तेज़ी से जारी

Spread the love6,082 प्रगणक और 1,014 पर्यवेक्षक घर-घर पहुंचकर कर रहे डिजिटल गणना, 2,729 हाउस …

error: Content is protected !!