पंपलेट बांटकर दी योजनाओं व हेल्पलाइन की जानकारी; साइबर ठगी से बचाव के भी बताए उपाय
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम के तहत बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही चौपाल लगाकर महिला संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संवाद भी किया गया।
सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि, आयुष्मान योजना, वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों पर किया जागरूक
महिला पुलिस कर्मियों ने वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी दी। साथ ही मोबाइल पर पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल का डेमो भी दिखाया गया।
साइबर अपराध से बचने की दी सलाह
साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी या सीवीवी साझा न करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक चलने वाला यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
Budaun Amarprabhat