Breaking News

निपुण भारत मिशन की चौपाल में चमके होनहार, मेधावियों का हुआ जोरदार सम्मान

Spread the love

पुरैनी स्कूल में शिक्षा चौपाल व वार्षिकोत्सव; NMMS पास छात्रों सहित शिक्षकों-अभिभावकों को किया गया सम्मानित

संवाददाता: गोविंद देवल

दातागंज। क्षेत्र के ग्राम पुरैनी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षा चौपाल एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आनंद भूषण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मीना मंच की बालिकाओं ने अतिथियों का स्वागत बैज व माल्यार्पण से किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस अवसर पर न्याय पंचायत बसेला के राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा (NMMS) 2026 में सफल छात्र-छात्राओं—हिमांशु, शिवम, अभिनव, खुशी, पलक सक्सेना और दुर्गा को उनके अभिभावकों व शिक्षकों सहित सम्मानित किया गया।
हर स्कूल से मेधावियों का सम्मान
न्याय पंचायत बसेला के प्रत्येक विद्यालय से एक-एक मेधावी छात्र को भी सम्मानित किया गया। साथ ही प्राथमिक विद्यालय ढिलवारी और नगला बसेला को निपुण घोषित होने पर उनके स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव में बिखरी प्रतिभा की चमक
विद्यालय का वार्षिकोत्सव एवं परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें हर कक्षा के उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित किया गया। वर्षभर में शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। इस वर्ष का ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार हिमांशु को मिला।
प्रधानाध्यापक मोहम्मद राशिद कादरी ने कक्षा 8 के छात्रों को समूह फोटो भेंट कर विदाई दी।
“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं”
विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र मिश्रा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत ही सफलता की कुंजी है। समाजसेवी अरविंद अग्निहोत्री ने शिक्षा को जीवन का आधार बताया।
मुख्य अतिथि आनंद भूषण ने कहा कि शिक्षा से बच्चों में आत्मविश्वास, कौशल और आत्मनिर्भरता का विकास होता है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।
इस मौके पर ग्राम पुरैनी के सफाई कर्मी संजय को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक मोहम्मद राशिद कादरी ने किया, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान जगदीश मौर्य ने करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और एसएमसी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मिलक के नसीराबाद निवासी सनी की बिजनौर में सड़क दुर्घटना में मौत

Spread the loveराहुल मौर्य रामपुर। रविवार सुबह को बिजनौर जिले के हल्दौर क्षेत्र में सड़क …

error: Content is protected !!