15 अप्रैल की तय बारात से पहले ससुराल पक्ष का पलटा रुख; लाखों का सामान लौटाने से भी इनकार
संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर शादी तोड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब पांच माह पहले उन्होंने अपनी पुत्री की शादी बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर निवासी एक युवक से तय की थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और 15 अप्रैल 2026 को बारात आनी थी।
कार की मांग बनी रिश्ते में दरार
आरोप है कि तय दहेज के अलावा ससुराल पक्ष ने अचानक कार की अतिरिक्त मांग कर दी। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने पहले ही करीब तीन लाख रुपये, आभूषण और अन्य सामान देने की तैयारी कर ली थी, लेकिन कार देने में असमर्थता जताने पर आरोपी पक्ष ने शादी से साफ इंकार कर दिया।
सामान लौटाने से भी किया इनकार
पीड़िता का यह भी आरोप है कि पहले से दिया गया दहेज का सामान भी वापस नहीं किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से नुकसान हुआ है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat