: पीपीपी मॉडल पर निर्माण को मिली मंजूरी, यात्रियों को मिलेंगी इंटरनेशनल स्तर की सुविधाएं
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद के विकास को नई दिशा देते हुए बदायूं में 106 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। शहर भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
इस संबंध में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी विधायक को पत्र भेजकर स्वीकृति की जानकारी दी है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जिले में खुशी की लहर है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बताया जाता है कि 5 जून 2022 को विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधुनिक बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव परिवहन मंत्री को दिया था, जिस पर लगातार प्रयास के बाद अब मुहर लग गई है।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित मॉडल बस अड्डा आधुनिक तकनीक और उच्च स्तरीय सुविधाओं से लैस होगा। इसमें वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्मार्ट शौचालय, कंप्यूटरीकृत टिकट काउंटर, फूड कोर्ट, मल्टीलेवल पार्किंग और 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी होंगी। बस अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे बढ़ती यातायात जरूरतों को पूरा किया जा सके।
पीपीपी मॉडल के तहत बनने वाले इस बस अड्डे में सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी होगी, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
वर्जन
“जनता की सेवा ही मेरा उद्देश्य है। आधुनिक बस अड्डे को मंजूरी मिलना बड़ी उपलब्धि है। यह बदायूं को नई पहचान देगा।” — महेश चंद्र गुप्ता, विधायक
बॉक्स
👉 जनता और व्यापारियों में उत्साह
इस परियोजना को लेकर शहर की जनता और व्यापारिक संगठनों में खासा उत्साह है। लोगों ने इसे बदायूं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
👉 परिवहन मंत्री ने भी सराहा प्रयास
लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात के दौरान उन्होंने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके सतत प्रयासों का परिणाम है।
👉 धन की नहीं होगी कमी
विधायक ने कहा कि 106 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Budaun Amarprabhat