आउटसोर्स कर्मियों को हटाने के विरोध में बिसौली में गरजा संगठन, 11 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी
संवाददाता: गोविंद देवल | बिसौली
बिसौली। मध्यांचल विद्युत विभाग के फैसलों के खिलाफ संविदा बिजली कर्मियों का गुस्सा अब सड़कों पर नजर आने लगा है। प्रबंधन पर अपने ही आदेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन कर ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन भेजा।
बताया गया कि मानक समिति की रिपोर्ट आने से पहले ही आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने और नए कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने के विरोध में संगठन ने 11 सूत्रीय मांग पत्र पहले ही सौंपा था और 7 अप्रैल 2026 तक समाधान की मांग की थी। लेकिन मांगें पूरी न होने पर 8 अप्रैल से लखनऊ स्थित प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है।
बिसौली में दो घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन
इसी क्रम में विद्युत वितरण खंड बिसौली के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों ने भी समर्थन देते हुए अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सांकेतिक प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी को सौंपा।
तहसील पहुंचकर भी सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद सभी कर्मचारी तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर यादव को भी ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन, जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह, हरीश चंद्र यादव, अनिल यादव, वीरेंद्र सिंह मौर्य, राम प्रकाश प्रजापति, पवन गुप्ता, अभय यादव, सीमांत गांधी, सरनाम सिंह, अफजल खां, मोहसिन, नवीन शंखधार, उमेश यादव समेत कई संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat