निजी स्कूलों की मनमानी, बिजली संकट और खरीद केंद्र की मांग को लेकर सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
संवाददाता: गोविंद देवल
बिसौली (बदायूं)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत गुरुवार को तहसील परिसर बिसौली में आयोजित की गई, जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर जमकर मंथन हुआ और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई।
पंचायत की अध्यक्षता रामचंद्र सिंह यादव ने की, जबकि संचालन युवा जिलाध्यक्ष रामलखन सिंह यादव एडवोकेट ने किया। बैठक में किसानों की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान को लेकर रणनीति बनाई गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल संचालक हर साल निजी प्रकाशकों की किताबें और निर्धारित दुकानों से ड्रेस खरीदने का दबाव बनाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। इसके साथ ही एडमिशन के नाम पर अवैध वसूली भी की जा रही है, जिससे किसान परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
पंचायत में यह भी मांग उठाई गई कि तहसील के प्रत्येक ब्लॉक में सरकारी खरीद केंद्र खोले जाएं, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। वहीं मक्का की फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने पर भी किसानों ने नाराजगी जताई।
इन सभी मुद्दों को लेकर किसानों ने सात सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी बिसौली को सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
युवा जिलाध्यक्ष रामलखन यादव एडवोकेट ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
पंचायत में जिला महासचिव रतिराम यादव, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र, तहसील अध्यक्ष रामचंद्र, जिला सचिव जयपाल, ब्लॉक अध्यक्ष आसफपुर महेशपाल, ब्लॉक महासचिव प्रेमपाल सिंह, जिला सचिव जयपाल सिंह, प्रधान रामदास, बाबूराम यादव, ओमपाल, चंद्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat