बीडीओ ने चेताया—साझा प्रयास के बिना नहीं होगा शत-प्रतिशत नामांकन, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
संवाददाता: गोविंद देवल
उसहैत (बदायूं)। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय खिरिया मधुकर में गुरुवार को स्कूल चलो अभियान, निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण और वार्षिक उत्सव का संयुक्त आयोजन उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी डॉ. मनीष कुमार वर्मा ने ग्राम प्रधानों, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्षों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सभी मिलकर प्रयास नहीं करेंगे, तब तक शत-प्रतिशत नामांकन, बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं है। उन्होंने विद्यालयों में ‘कायाकल्प’ के सभी 19 मानकों को पूरा करने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक फौजदार सिंह, राम भरोसे लाल और बदन सिंह को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं बेहतर उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया और कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले बच्चों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम से पूर्व स्कूल चलो अभियान रैली को बीडीओ डॉ. मनीष कुमार वर्मा, सीएम फेलो जितेंद्र सिंह गहलोत एवं शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के पदाधिकारी, एआरपी, शिक्षकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया।
Budaun Amarprabhat