विशेष पुनरीक्षण के बाद 20,28,328 मतदाता; युवाओं और दिव्यांगों की भागीदारी बढ़ी
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया और उन्हें इसकी प्रतियां भी उपलब्ध कराईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरे अभियान को पारदर्शिता, निष्पक्षता और तकनीकी सहयोग के साथ संपन्न किया गया। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विभिन्न चरणों में व्यापक जांच-पड़ताल की गई। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
पुनरीक्षण के दौरान जनपद में मतदान स्थलों और केंद्रों की संख्या में भी वृद्धि की गई। 27 अक्टूबर 2025 को जहां 2580 मतदान स्थल और 1723 मतदान केंद्र थे, वहीं अंतिम प्रकाशन तक इन्हें बढ़ाकर 2859 मतदान स्थल और 1759 मतदान केंद्र कर दिया गया। इस प्रक्रिया में 06 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 44 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 2859 बीएलओ और 309 सुपरवाइजरों की सक्रिय भूमिका रही।
मतदाता संख्या में भी उल्लेखनीय परिवर्तन दर्ज किया गया। अक्टूबर 2025 में जहां कुल 24,18,408 मतदाता थे, वहीं अंतिम प्रकाशन (10 अप्रैल 2026) के अनुसार यह संख्या 20,28,328 हो गई है। इनमें 11,23,969 पुरुष, 9,04,293 महिला और 66 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। यह बदलाव अपात्र नामों के विलोपन और नए मतदाताओं के जुड़ने के कारण हुआ है।
जिले में लिंगानुपात 805 और ईपी रेश्यो 44 दर्ज किया गया है। खास बात यह रही कि 18-19 आयु वर्ग के 24,537 नए युवा मतदाता सूची में शामिल हुए, जबकि 21,761 दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण कर समावेशी चुनाव प्रणाली को मजबूती दी गई।
पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,12,605 फॉर्म-6, 5,891 फॉर्म-7 और 28,895 फॉर्म-8 प्राप्त हुए, जिनका समयबद्ध निस्तारण किया गया। इसके अलावा 4,93,550 नोटिस जारी कर 104 स्थानों पर सुनवाई कराई गई, जिसके बाद 4,497 अयोग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि नए मतदाता अभी भी फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat