Breaking News

अंबेडकर जयंती पर सख्त सुरक्षा घेरा, मजिस्ट्रेट तैनात—हर चौराहे पर रहेगी पैनी नजर

Spread the love

शोभायात्रा मार्ग तय, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता; प्रशासन ने आमजन से की सहयोग की अपील

संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं

बदायूं। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शोभायात्रा के दौरान मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार शोभायात्रा के अग्रिम हिस्से में, तहसीलदार सदर दीपक कुमार मध्य में तथा नायब तहसीलदार अमित कुमार पीछे रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
शोभायात्रा डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क से प्रारंभ होकर लावेला चौक, दिनेश चौक, रजी चौक, जफा की कोठी, शहवाजपुर, टिकटगंज चौराहा, हरसहायमल ज्वैलर्स के सामने से होते हुए शास्त्री चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौकी, लोटनपुरा तिराहा, प्रकाश टाकीज, जोगीपुरा गुरुद्वारा, छः सड़का और तोताराम मार्केट से गुजरते हुए गांधी ग्राउंड पर समाप्त होगी।
प्रशासन ने शोभायात्रा मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी, साथ ही पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निकायों को प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएंगे, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को कार्यक्रम स्थलों पर अग्निशमन व्यवस्था सुदृढ़ रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को एम्बुलेंस और चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में बैठक आयोजित

Spread the love18 जुलाई को होगा सूची का अंतिम प्रकाशन बदायूँ: जनपद की समस्त विधानसभा …

error: Content is protected !!