लुधियाना से आए श्रद्धालुओं की नाव यमुना में डूबी, 15 से ज्यादा लोगों को बचाया गया; पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया शोक
संवाददाता
मथुरा। जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव यमुना नदी में पलट गई। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3-4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। गोताखोरों की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि लुधियाना से 32 श्रद्धालु दो नावों के जरिए दर्शन के लिए आए थे। इसी दौरान एक नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालु नदी में गिर गए।
स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है।
हादसे पर योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और श्रद्धालुओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Budaun Amarprabhat