बदायूं में कार्यशाला आयोजित, किसानों के पंजीकरण से लेकर खरीद तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण/कार्यशाला में खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में किसानों के पंजीकरण, खरीद केंद्रों की व्यवस्थाओं, भंडारण और ई-उपार्जन प्रणाली से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी गेहूं खरीद केंद्रों पर आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। साथ ही केंद्र प्रभारियों को किसानों के प्रति सौम्य और शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैनर और सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे, जिन पर केंद्र प्रभारी का नाम, मोबाइल नंबर और टोल फ्री नंबर सहित महत्वपूर्ण जानकारी अंकित होगी। इसके अलावा केंद्रों पर सभी आवश्यक उपकरण, अभिलेख और बोरे उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ अधिक होने की स्थिति में किसानों को ऑनलाइन टोकन जारी करने की व्यवस्था भी लागू की जाएगी। साथ ही केवल उन्हीं किसानों से गेहूं खरीद की जाएगी, जिनका पंजीकरण खाद्य विभाग के पोर्टल पर होगा और जिनके पास किसान पहचान पत्र/फार्मर आईडी उपलब्ध होगी।
प्रशासन ने निर्देश दिए कि पंजीकरण पत्र में दर्ज विवरण का मिलान किसान पहचान पत्र से कर अभिलेखों को सुरक्षित रखा जाए। वहीं, जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि गेहूं खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
Budaun Amarprabhat