🚩
🔹 बेंगलुरु में आयोजित टूर्नामेंट में 12 राज्यों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला, महाराष्ट्र से रोमांचक फाइनल
संवाददाता: गोविंद देवल

बेंगलुरु (कर्नाटक)। सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर एसोसिएशन इंडिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय ट्रांसपोर्ट प्रीमियर लीग-3 क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उप विजेता का खिताब अपने नाम किया।
10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों—केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उड़ीसा, बिहार, गुजरात, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की टीमों ने हिस्सा लिया। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यूपी की टीम ने भी दमखम के साथ मैदान में उतरकर सभी का ध्यान खींचा।
यूपी टीम ने लगातार लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की मजबूत टीम से कड़ी टक्कर देते हुए यूपी ने आखिरी तक संघर्ष किया, लेकिन मामूली अंतर से हारकर उप विजेता रही।
टीम का नेतृत्व उप परिवहन आयुक्त रामवृक्ष सोनकर (कप्तान) ने किया, जबकि संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) लखनऊ संजय तिवारी उप कप्तान रहे। टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बदायूं हरिओम ने निभाई। इसके अलावा शिव शंकर सिंह (उप मैनेजर) समेत रविकांत यादव, रामबाबू, विकास कुमार, पवन सोनकर, कृष्ण कुमार, कौशल कुमार, अशोक कुमार, चरन सिंह, प्रमोद गौतम, देवेंद्र शुक्ला, अनुभव, शुभम मिश्रा और बृजेश ने खिलाड़ी के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के समापन पर उप विजेता रही उत्तर प्रदेश टीम को ऑल इंडिया फेडरेशन, कर्नाटक मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर संघ, कर्नाटक के परिवहन मंत्री और परिवहन आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों द्वारा ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ को पुरस्कार स्वरूप 70 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि से प्रदेश के परिवहन विभाग में खुशी की लहर है और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की जा रही है।
Budaun Amarprabhat