Breaking News

50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

Spread the love

🔹 एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या का मुख्य आरोपी, साथी समेत दबोचा गया

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं। थाना मूसाझाग क्षेत्र में एचपीसीएल प्लांट के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका साथी शिवम प्रताप भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैरों में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मूसाझाग पुलिस व एसओजी/स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को पहले जनपद फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अभय प्रताप ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस ग्राम सैंजनी के पास छिपाए होने की जानकारी दी। जब पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए लेकर पहुंची, तभी उसने अचानक छिपाया हुआ तमंचा निकालकर पुलिस पर फायर झोंक दिया।
इस हमले में आरक्षी प्रशांत कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी अभय प्रताप के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे काबू कर लिया गया और घायल आरक्षी के साथ जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
🔸 दो अधिकारियों की दिनदहाड़े हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में घुसकर आरोपी ने दो अधिकारियों—सुधीर गुप्ता (58) निवासी बरेली और हर्षित मिश्रा (34)—को गोली मार दी थी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
🔸 भारी मात्रा में असलहा बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल (.32 बोर) मय मैगजीन, दो तमंचे (.315 बोर), 4 खोखा कारतूस और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना स्थल के पास जंगल क्षेत्र से यह बरामदगी की गई।
🔸 पहले से दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
मुख्य आरोपी अभय प्रताप सिंह पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी शिवम प्रताप पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भाजपा के ‘बूथ विजय’ का महाकुंभ: 22 जुलाई के सम्मेलन को लेकर बदायूँ में तैयारी तेज

Spread the love बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘बूथ …

error: Content is protected !!