🔹 सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज में 135वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम, शिक्षकों ने बताए बाबा साहब के विचार
संवाददाता: गोविंद देवल
बिसौली। क्षेत्र के सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज शरह बरौलिया में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षक नितिन मिश्रा ने बाबा साहब के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता और समानता का संदेश दिया। साथ ही भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका को ऐतिहासिक बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने डॉ. अंबेडकर को दलितों का मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नींव रखी। उन्होंने छुआछूत के खिलाफ उनके आंदोलन और सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर नीरज चौहान, विपलव भारती, रामौतार मौर्य, डॉ. प्रमोद शर्मा, अश्वनी शर्मा, विपुल प्रताप सिंह और यशपाल सिंह सहित अन्य शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat