: सिविल लाइन्स पुलिस की तत्परता, सर्विलांस व मुखबिर की मदद से दबोचा गया आरोपी
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में पीड़िता और उसके परिजनों की पहचान गोपनीय रखी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन्स में दर्ज मुकदमा संख्या 151/2026, धारा 65(2) बीएनएस व पोक्सो एक्ट के तहत आरोपी विनय कुमार (निवासी कादरचौक) को सोत नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक 16 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे पीड़िता की मां ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनका परिचित व्यक्ति घर आया था और उनकी गैरमौजूदगी में घर पर मौजूद किशोरी के साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी का सुराग लगाकर 17 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल लवलेश कुमार एवं पंकज कुमार की अहम भूमिका रही।
Budaun Amarprabhat