PASS तकनीक से लेकर ‘झुकें और सुरक्षित निकलें’ तक, मॉक ड्रिल में बच्चों ने सीखे फायर सेफ्टी के गुर
संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी। । बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल में शनिवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर एक प्रभावी प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आग जैसी आपात स्थिति में सतर्क रहना, सही निर्णय लेना और समय पर सुरक्षा उपाय अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पीटीआई विश्वदीपक शर्मा ने छात्रों को अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने ‘PASS तकनीक’ (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) के जरिए बताया कि किस तरह घबराने के बजाय सही तरीके से आग पर काबू पाया जा सकता है।
इस मौके पर प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों के लिए विशेष गतिविधि भी आयोजित की गई। ‘झुकें और सुरक्षित निकलें’ थीम के तहत बच्चों को सिखाया गया कि आग या धुएं की स्थिति में घबराने के बजाय नीचे झुककर सुरक्षित बाहर निकलना सबसे बेहतर उपाय है। शिक्षकों ने उन्हें अभ्यास कराकर यह भी समझाया कि अफरा-तफरी के बजाय धैर्य और समझदारी ही जान बचाती है।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने बच्चों को शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग और उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हर घर की रसोई में अग्निशामक यंत्र होना जरूरी है और बच्चों को अपने अभिभावकों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों ने खुद अग्निशामक यंत्र चलाकर आग बुझाने का अनुभव लिया। विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आपदा प्रबंधन की यह जानकारी बच्चों के साथ-साथ उनके परिवार और समाज तक भी पहुंचनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह, एकेडमिक हेड सी.के. शर्मा, जूनियर कोऑर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर अनामिका सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat