लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष हाईस्कूल में 90.42% और इंटरमीडिएट में 80.38% परीक्षार्थी सफल घोषित हुए। परिणामों में एक बार फिर छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया।
हाईस्कूल में संयुक्त टॉपर
हाईस्कूल परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान पर अदिति (97.50%) रहीं, जबकि तृतीय स्थान पर अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा (97.33%) संयुक्त रूप से रहे।
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा टॉपर
इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान पर नंदनी गुप्ता (बरेली) और श्रिया वर्मा (बाराबंकी) 97.20% अंकों के साथ रहीं, जबकि तृतीय स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल (97.00%) रहीं।
छात्राओं का दबदबा कायम
हाईस्कूल में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 23,52,181 उत्तीर्ण हुए। बालिकाओं का पास प्रतिशत 93.76% रहा, जो लड़कों (87.30%) से 6.46% अधिक है।
वहीं इंटरमीडिएट में 24,86,072 परीक्षार्थियों में से 19,98,317 पास हुए। यहां भी बालिकाएं 86.32% पास प्रतिशत के साथ लड़कों (75.04%) से 11.28% आगे रहीं।
समयबद्ध और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया
परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच 8,033 केंद्रों पर आयोजित की गईं, जबकि मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 4 अप्रैल तक 254 केंद्रों पर पूरा हुआ। पूरी प्रक्रिया को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Budaun Amarprabhat