भेदभाव रहित विकास का दावा—हर वार्ड में बराबर सुविधाएं देने पर जोर
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं:
नगर में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का अभियान जारी है। शहर के विभिन्न वार्डों में बिना किसी भेदभाव के सड़क, नाली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों में संतोष का माहौल देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने करीब 22 लाख 38 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम वार्ड संख्या 10 और वार्ड संख्या 24 में आयोजित हुआ, जहां लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायतें मिल रही थीं।
वार्ड संख्या 10 के मछली बाजार क्षेत्र में शराफत सब्जी वाले की दुकान से अनीस की दुकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण का शुभारंभ किया गया। करीब 6.45 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
वहीं वार्ड संख्या 24 में नत्थू के मकान से प्रीतम की पुलिया तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया। इस परियोजना पर करीब 15.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि उनका लक्ष्य शहर के हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी वार्डों में समान रूप से काम होगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
उन्होंने बताया कि शहर में चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें, क्योंकि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में जनता की भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर सभासद मोहम्मद नईम, नवैद, मोहम्मद रफीक, शफी अहमद, मोहम्मद मियां, अन्नू बेगम, शाहिद रवान, शाबाना, शाफिया, दानिश, बब्लू, मिन्टू, बच्चन सहित कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, नवैद इकबाल गनी, गजेन्द्र शाक्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat