Breaking News

जननायक एक्सप्रेस में बच्चों की तस्करी की सूचना से हड़कंप, बरेली जंक्शन पर चला सघन रेस्क्यू ऑपरेशन

Spread the love

करीब 70 बच्चों को लेकर अलर्ट, जांच में सभी परिजन के साथ मिले—अफवाह निकली सूचना

संवाददाता: गोविंद देवल
बरेली:
स्थानीय जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन’ हेल्पलाइन के जरिए जननायक एक्सप्रेस में बच्चों की तस्करी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाएं तुरंत हरकत में आ गईं और ट्रेन के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर पर नई दिल्ली स्थित टीम को सूचना मिली थी कि दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में करीब 70 बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दिल्ली टीम ने बदायूं की काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान को अलर्ट किया।
संस्था की टीम तत्काल बरेली जंक्शन पहुंची और स्टेशन मास्टर, आरपीएफ, जीआरपी व एएचटीयू प्रभारियों को मामले से अवगत कराया। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही संयुक्त टीम ने कोच-कोच में सघन चेकिंग करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जांच के दौरान कई बच्चों और उनके साथ यात्रा कर रहे लोगों से पूछताछ की गई। दस्तावेजों की गहन जांच और पहचान पत्रों के मिलान के बाद स्पष्ट हुआ कि सभी बच्चे अपने माता-पिता या अभिभावकों के साथ यात्रा कर रहे थे। इस तरह प्रारंभिक सूचना गलत साबित हुई और तस्करी का कोई मामला सामने नहीं आया।
हालांकि, इस पूरी कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सतर्कता की सराहना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर इस तरह की सजगता बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित अपराध को समय रहते रोका जा सके। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी व स्टाफ मौके पर मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली; भैंस, नकदी और तमंचा बरामद

Spread the loveभैंस लूट और चोरी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार फायरिंग में सिपाही …

error: Content is protected !!