पर्यावरण, संस्कृति और सामाजिक संदेशों से सजे मास्क; PG से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
संवाददाता: गोविंद देवल, बिल्सी
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित मास्क मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में कक्षा पीजी से लेकर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कल्पनाशक्ति का शानदार परिचय दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सृजनात्मकता को निखारना और उन्हें कला के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मास्क आकर्षण का केंद्र रहे, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, भारतीय संस्कृति और त्योहारों की झलक साफ दिखाई दी। रंग-बिरंगे और नवाचारी डिजाइनों ने सभी का मन मोह लिया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके मास्क का मूल्यांकन रचनात्मकता, प्रस्तुति और विषय-वस्तु के आधार पर किया। प्रतियोगिता में कक्षा पीजी से श्रेयन वार्ष्णेय, एनसी से कृतिका माहेश्वरी, केजी से अनिका खरे, कक्षा 1 से उत्कर्ष माहेश्वरी, कक्षा 2 से शार्दुल गौड़, कक्षा 3 से ऋषित माहेश्वरी, कक्षा 4 से विनायक चौहान, कक्षा 5 से आयुषी शर्मा, कक्षा 6 से सूर्यांश, कक्षा 7 से आराध्या वार्ष्णेय, कक्षा 8 से आराध्या नागेंद्र, कक्षा 9 से गुलफशन तथा कक्षा 10 से कुमुद एवं अन्वय वार्ष्णेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न कौशलों का विकास ही विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करता है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं।
इस दौरान विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat