Breaking News

गंगा एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित: बदायूं में जश्न, बोले नेता—बदलेगी जिले की तस्वीर और तकदीर

Spread the love

मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा एक्सप्रेसवे शुरू, बदायूं में इंटरचेंज और औद्योगिक कॉरिडोर से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं। देश के बुनियादी ढांचे को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
इधर बदायूं में घटपुरी-बिनावर इंटरचेंज के पास आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में हरदोई से प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा।
केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे दिल्ली और लखनऊ की दूरी कम होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि एक्सप्रेसवे से बदायूं अब पिछड़े जिले की श्रेणी से निकलकर विकास के केंद्र में आएगा। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के किनारे घटपुरी और डहरपुर में दो औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा।
विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक, विधायक हरीश शाक्य, महेश गुप्ता और राजीव कुमार सिंह ने भी इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे समय और ईंधन की बचत होगी तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरता है, जिसकी लागत करीब 36,230 करोड़ रुपये है। बदायूं जिले में इसकी लंबाई लगभग 92 किमी है और यहां 4 फ्लाईओवर व 3 इंटरचेंज बनाए गए हैं। साथ ही रामगंगा नदी पर 720 मीटर लंबा पुल भी तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि बदायूं में करीब 1200 हेक्टेयर भूमि इस परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई है और 85 गांव इससे प्रभावित हुए हैं। एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एडीएम वित्त वैभव शर्मा, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

आसफपुर चौकी से हेड कांस्टेबल श्यामवीर सिंह का तबादला, साथियों ने उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की

Spread the loveविदाई समारोह में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया गया …

error: Content is protected !!