Breaking News

फर्जी आधार कार्ड गैंग का भंडाफोड़, हजरतपुर पुलिस ने 3 आरोपी दबोचे

Spread the love

लैपटॉप, फिंगरप्रिंट मशीन व 70 असली आधार कार्ड बरामद; आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस

संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
जनपद में साइबर और दस्तावेज़ फर्जीवाड़े के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हजरतपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी हजरतपुर के नेतृत्व में टीम सक्रिय थी। इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को ग्राम जमालपुर के पास से तीन अभियुक्तों—फरमान अली (निवासी मुंशी नगला, थाना कादरचौक), अनुज कुमार (निवासी उपरेला, थाना अलापुर) और ब्रजनंदन (निवासी सिरसौली, थाना उझानी)—को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, एक प्रिंटर, दो फिंगरप्रिंट मशीन, दो आई स्कैनर, 70 मूल आधार कार्ड, 198 आधार स्लिप, कैमरा, माउस, नकदी सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे थे।
इस संबंध में थाना हजरतपुर पर मुकदमा दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट और आधार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

सुसज्जित गार्ड की सलामी, नेतृत्व का अभिनंदन ।

Spread the loveसुसज्जित गार्ड की सलामी, नेतृत्व का अभिनंदन । कल पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में …

error: Content is protected !!