महिला के कान से झपटे थे कुंडल, जवाबी फायरिंग में दबोचा गया आरोपी; तमंचा, बाइक व लूटा सामान बरामद
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
थाना कोतवाली क्षेत्र में महिला से कुंडल लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया कुंडल, मोबाइल, घटना में प्रयुक्त बाइक और अवैध असलहा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को पीतमराम निवासी इंधजागीर (बरेली) अपनी पत्नी नीलम और बेटी के साथ उझानी से लौट रहे थे। आश्रय आवास कॉलोनी के सामने बाइक सवार दो युवकों ने महिला के कानों से कुंडल छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान कादरी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और आरोपी भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली कांस्टेबल पुष्पेंद्र के हाथ को छूते हुए निकल गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पप्पू उर्फ बिकारूद्दीन पुत्र अलाउद्दीन निवासी नई सराय, थाना कोतवाली बदायूं बताया।
पुलिस ने उसके पास से एक कुंडल (पीली धातु), मोबाइल फोन (रियलमी), घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (यूपी 24 बीबी 1699, हीरो एचएफ डीलक्स), एक देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था और कुंडल लूट की घटना में दोनों ने एक-एक कुंडल बांट लिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ लूट, चोरी व गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक रवेंद्र कुमार, कांस्टेबल पाती राम, कांस्टेबल पुष्पेंद्र, कांस्टेबल अंकित सिरोही व कांस्टेबल अंकुश कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Budaun Amarprabhat