जिया उर रहमान 94% के साथ टॉपर, 18 छात्रों ने पाई डिस्टिंक्शन; तीन को फिजिकल एजुकेशन में शत-प्रतिशत अंक
संवाददाता: आई एम खान
, बिसौली
आईसीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित होते ही बिसौली के डी पॉल स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय के टॉपर जिया उर रहमान ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं ईशान गुप्ता ने 91 प्रतिशत और माधव मुरारी वार्ष्णेय ने 89.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विशेष उपलब्धि के रूप में फिजिकल एजुकेशन विषय में तनिष्क वार्ष्णेय, अंश वार्ष्णेय और आयुष यादव ने 100 में 100 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कुल 24 विद्यार्थियों में से 18 ने किसी न किसी विषय में डिस्टिंक्शन हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंधक फादर डॉ. मार्टिन बीसी एवं प्रधानाचार्या सिस्टर जोशिता जॉर्ज ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक स्टाफ ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
Budaun Amarprabhat