कल्लियाँ काज़िमपुर व नाई में वर्षों पुरानी समस्या खत्म, अब कीचड़-जलभराव से मिलेगी मुक्ति
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए कल्लियाँ काज़िमपुर एवं नाई ग्राम में करीब 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्मशान भूमि एवं सड़कों का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
लोकार्पण के दौरान विधायक ने बताया कि नाई ग्राम में मुख्य मार्ग से श्मशान भूमि तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया है, जिससे अब ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले इन गांवों में श्मशान भूमि और सड़क की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को अंत्येष्टि जैसे संवेदनशील कार्य में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर प्रयास कर इन कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के हर गांव और मोहल्ले तक सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें अंत्येष्टि के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, राघव सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, नथ्थूलाल वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल सिंह पटेल, प्रभाशंकर वर्मा, ग्राम प्रधान उदयपाल, राहुल वार्ष्णेय, आदेश शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat