पूर्व कर्मचारी ने साथी संग रची साजिश, स्कूटी और मोबाइल समेत माल बरामद, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में व्यापारी से बैग छीनने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,60,880 नगद, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना 28 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे की है, जब पटियाली सराय निवासी व्यापारी अंशुमन अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पीछे से आए स्कूटी सवार बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया, जिसमें करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां थीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने गांधी ग्राउंड के पास से भरत कश्यप और उसके एक बाल अपचारी साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी भरत ने बताया कि वह पहले पीड़ित की दुकान पर काम करता था और उसे उसकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने मोबाइल और चाबियां रोजा (मकबरा) के पास फेंक दी थीं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।
Budaun Amarprabhat