चोरी की बाइक के कटे पार्ट्स बरामद, गैंग पहले भी कर चुका है कई वारदातें
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। जिले के जरीफनगर थाना पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सहसवान के पर्यवेक्षण में जरीफनगर पुलिस सक्रिय कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को इसी गैंग के दो सदस्यों अरुण और संजीव को चार चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। इसी कड़ी में रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामविलास पुत्र हरनारायण निवासी सलावतपुर को गिरफ्तार कर लिया।
कटकर बेचे जाते थे बाइक के पार्ट्स
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गैंग के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। बरामद सामान में एक बैटरी, दो साइलेंसर और अपाचे बाइक की टंकी शामिल है।
ये रही पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यतेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल प्रभात चौधरी शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat