रोमांचक फाइनल में थँडर जायंट्स को हराया, अबरार अहमद ने विजेता टीम को दी ट्रॉफी
संवाददाता: आई एम खान , बिसौली
बिसौली। जायन्ट्स ग्रुप ऑफ बिसौली स्टार की ओर से आयोजित ‘जायन्ट्स स्टार क्रिकेट चैंपियनशिप’ का रविवार को मदन लाल इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में जायंट्स स्मेशेर्स ने थँडर जायंट्स को रोमांचक मुकाबले में 3 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जायंट्स स्मेशेर्स ने निर्धारित 12 ओवर में 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थँडर जायंट्स की टीम 12 ओवर में 87 रन ही बना सकी और मुकाबला 3 रन से हार गई।
शिविन अग्रवाल बने मैन ऑफ द मैच
विजेता टीम की ओर से शिविन अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 रन बनाए और एक विकेट भी लिया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उपविजेता टीम के नितिन वार्ष्णेय ने नाबाद 30 रन बनाए और उन्हें सर्वाधिक रन व सर्वाधिक सिक्सर का पुरस्कार मिला। सौरभ गुप्ता ने 16 रन का योगदान दिया, जबकि शशांक भिल्ला ने 3 विकेट लेकर सर्वाधिक विकेट का खिताब हासिल किया।
आयोजन में दिखा उत्साह
मैच के दौरान स्कोरिंग की जिम्मेदारी शिवांग अग्रवाल व अक्षत अग्रवाल ने निभाई, जबकि कमेंट्री प्रवीन अग्रवाल ‘नादान’ ने की। अंपायर की भूमिका उदित और शिवम ने निभाई।
समापन समारोह में सभासद कृष्णा वार्ष्णेय, नमित, संगीता रस्तोगी व जायन्ट्स ग्रुप महिला समृद्धि की अध्यक्ष कंचन सक्सेना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विजेता टीम को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारी व सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat