युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश, पांच जिलों में शाखाएं खोलने का प्रस्ताव
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। रानी अवंतीबाई लोधी छात्रावास का स्थापना दिवस समारोह रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान अतिथियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं की लगन और जिज्ञासा ने अतिथियों को प्रभावित किया।
युवाओं के सपनों को मिल रहा मंच
कार्यक्रम में कहा गया कि छात्रावास केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। संस्थान के संरक्षक केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि यह संस्थान सर्व समाज के लिए समर्पित है और पूरी तरह निशुल्क संचालित किया जा रहा है।
पांच जिलों में विस्तार की तैयारी
उन्होंने जानकारी दी कि परामर्श समिति द्वारा आगरा, बुलंदशहर, शाहजहांपुर, कासगंज समेत पांच जिलों में इसकी शाखाएं खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया है। कई स्थानों पर भवन और भूमि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे जल्द ही अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हुकुम सिंह देशराजन, एटा सदर विधायक विपिन कुमार डेविड, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश चंद्र शाक्य, पूर्व विधायक डॉ. अनिता लोधी, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. बनवारी लाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर युवा अपने सपनों को साकार कर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
Budaun Amarprabhat