झांकियों ने मोहा मन, जयकारों से गूंजा नगर; जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
संवाददाता: गोविंद देवल, बिल्सी
बिल्सी। नगर की ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में रविवार को भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा और दोपहर बाद जैसे ही शोभायात्रा महात्मा गांधी पार्क से शुरू हुई, पूरा नगर जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में भगवान परशुराम की सजीव और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी और श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। डीजे की धुनों और ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
मुख्य बाजार में हुआ भव्य स्वागत
यात्रा महात्मा गांधी पार्क से शुरू होकर मुख्य बाजार, थाना मार्ग होते हुए तहसील रोड स्थित नारायण ग्रीन हाउस पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ समापन हुआ। मुख्य बाजार में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
आयोजन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष कंचन ओझा, रजनीश शर्मा,
वरुण शंखधर, पवन उपाध्याय, विनीत उपाध्याय, भुवनेश शर्मा, विवेक कुमार, अनिल दीक्षित, आशीष वशिष्ठ, अरविंद शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, ललतेश शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Budaun Amarprabhat