मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 1600 लाभार्थियों का लक्ष्य, तय तिथियों पर होंगे आयोजन
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत विकास खण्डवार विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 1600 लाभार्थियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रचार-प्रसार एवं आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सभी विकास खण्डों में निर्धारित तिथियों पर कैम्प लगाए जाएंगे। प्रत्येक कैम्प प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें न्यूनतम 200 आवेदन पत्र भरवाने का लक्ष्य तय किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दातागंज में 4 मई, समरेर में 5 मई, वजीरगंज में 6 मई, अम्बियापुर में 7 मई, बिसौली में 8 मई, उसावा में 11 मई, म्याऊं में 12 मई, कादरचौक में 13 मई, इस्लामनगर में 14 मई, सहसवान में 15 मई, दहगवां में 16 मई, जगत में 18 मई, उझानी में 19 मई, सालारपुर में 20 मई तथा आसफपुर में 21 मई को कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कैम्पों का सफल संचालन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ें, जिससे जनपद में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।
Budaun Amarprabhat