फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव में चल रही थी हार-जीत की बाजी; कार, ताश के पत्ते और अन्य सामान भी जब्त
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 63,370 रुपये नकद सहित ताश के पत्ते और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर टीम ने ग्राम तर्क परौली में छापेमारी की, जहां कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से सहादत खां, अनिल, मकसूद, कदीर, खुशीराम और हरपाल को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 51,270 रुपये फड़ से और 12,100 रुपये तलाशी में बरामद किए। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते, एक मोमबत्ती, एक टॉर्च तथा एक अर्टिगा कार को भी कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।
सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना फैजगंज बेहटा में मु0अ0सं0 86/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat