Breaking News

बोर्ड बैठक दोबारा रही बेनतीजा, सभासदों ने चेयरमैन पर लगाए मनमानी के आरोप

Spread the love

मसवासी नगर पंचायत में फिर फूटा बवाल

मसवासी (रामपुर)। नगर पंचायत मसवासी में विकास कार्यों को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। गुरुवार को आयोजित बोर्ड बैठक एक बार फिर कोरम के अभाव में स्थगित करनी पड़ी। बैठक का बहिष्कार करने वाले सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और उन पर मनमानी, हठधर्मी तथा विकास कार्यों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए।

सभासदों का कहना है कि पिछले करीब तीन वर्षों से नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं और अधिकांश वार्डों में मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष सभासदों की राय को दरकिनार कर मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते लगातार बोर्ड बैठकों में गतिरोध बना हुआ है।

सभासदों ने बताया कि इससे पहले 6 मई 2025 और 17 मई 2025 को आयोजित बोर्ड बैठकों का भी बहिष्कार किया गया था। उन बैठकों में भी कोरम पूरा नहीं हो सका था, लेकिन समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई।

गुरुवार को हुई बैठक में भी अधिकांश सभासद शामिल नहीं हुए, जिसके चलते बैठक निरस्त करनी पड़ी। सभासदों ने आरोप लगाया कि चेयरमैन किसी भी वार्ड में विकास कार्य कराने को गंभीर नहीं हैं, जिससे नगर का विकास पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

नाराज सभासदों ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कराए गए कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मंडलायुक्त मुरादाबाद और जिलाधिकारी रामपुर को भी भेजी गई है।

शिकायत पत्र पर सभासद अनिल कुमार, जितेंद्र चंद्रा, साहिबे नूर, इरशाद अंसारी, भगवती प्रसाद, कुलदीप सिंह और उवेश समेत कई सभासदों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

उमरे के मुबारक सफर से वापसी पर किया इस्तकबाल

Spread the loveबदायूँ उमरे के मुबारक सफर से वापसी पर किया इस्तकबाल कादरचौक के ग्राम …

error: Content is protected !!