पूरे उत्तर प्रदेश में हासिल की पहली रैंक, 135 में 135 अंक लेकर बनाया रिकॉर्ड
बदायूं, 7 मई। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। शासन द्वारा माह अप्रैल 2026 के मूल्यांकन में जनपद बदायूं को 75 जिलों में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है।
मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर शासन स्तर पर किए गए मूल्यांकन में बदायूं पुलिस ने अधिकतम 135 में से 135 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि जिले के 22 थानों में से 21 थानों ने भी अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मूल्यांकन में बदायूं पुलिस को संदर्भों की मार्किंग और अग्रसारण में पूरे 10 अंक मिले। वहीं अप्रैल माह में कोई भी संदर्भ डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं गया, जिसके चलते अधिकतम 20 में से 20 अंक प्राप्त हुए। संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों की श्रेणीकरण रिपोर्ट, मुख्यमंत्री कार्यालय की समीक्षा, रैंडम चेकिंग, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट और फील्ड विजिट रिपोर्ट समेत सभी मानकों में जनपद को पूरे अंक मिले।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज एवं आईजीआरएस यूनिट की सराहना करते हुए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
Budaun Amarprabhat